बहराइच। थाना मटेरा क्षेत्र के शंकरपुर में कथित गौकशी की घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व हिंदू सुरक्षा सेवा संघ देवीपाटन मंडल अध्यक्ष एवं धर्म प्रसार प्रमुख विश्व हिंदू परिषद बहराइच मनीष पाण्डेय ने किया। उन्होंने कहा कि गौ माता हिंदू समाज की आस्था का केंद्र हैं और गौकशी जैसी घटनाएं समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की भी मांग की। वक्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण के लिए कठोर कानूनों का प्रभावी पालन किया जाना चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान जिला गौरक्षा प्रमुख शुभम मिश्र, भगतापुर प्रधान आशीष पाण्डेय, जलालपुर प्रधान जितेन्द्र कुमार, मनीष कुमार सहित हिंदू सुरक्षा सेवा संघ, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।



