👉रुपईडीहा के तस्कर अब संतलिया बॉर्डर पर शिफ्ट?
👉किसके संरक्षण में चल रहा तस्करी का खेल, जांच की मांग तेज
नवाबगज-बहराइच। रुपईडीहा क्षेत्र में लंबे समय से तस्करी को लेकर उठते रहे सवालों के बीच अब सीमावर्ती संतलिया बॉर्डर पर भी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि रुपईडीहा क्षेत्र से जुड़े कुछ तस्कर अब अपना ठिकाना बदलकर संतलिया सीमा क्षेत्र में सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियां वास्तव में एक सीमा क्षेत्र से दूसरे सीमा क्षेत्र तक स्थानांतरित हो रही हैं, तो इसकी जानकारी संबंधित सुरक्षा एवं पुलिस अधिकारियों को क्यों नहीं हो रही? वहीं यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर किसके संरक्षण या सह पर तस्करी का नेटवर्क अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके सरगना, सहयोगियों और संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच जरूरी है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में संतलिया बॉर्डर क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका, संदिग्ध आवागमन और तस्करी के नेटवर्क को लेकर निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।
अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है और यदि तस्करी का नेटवर्क वास्तव में रुपईडीहा से संतलिया की ओर सक्रिय हुआ है, तो उसके पीछे कौन लोग हैं—इसका खुलासा कब होता है।


