संवाददाता
विशाल वर्मा
नवाबगंज-बहराइच।विकास खण्ड नवाबगंज के ग्राम पंचायत कलवारी में मा राजेश्वरी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं नशा उन्मूलन विषय पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण की रक्षा और नशे की लत से दूर रहने के प्रति जागरूक करना था। गोष्ठी में वक्ताओं ने पौधारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि यदि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण छोड़ना चाहते हैं तो हमें आज ही से जिम्मेदारी लेनी होगी। साथ ही नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपील की गई कि वे इस बुराई से दूर रहें और समाज को जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने आंखों की जांच कराई। नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने मोतियाबिंद, रेटिना जैसी बीमारियों की पहचान की और ज़रूरतमंदों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित कीं। शिविर में आए ग्रामीणों ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की मांग की। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि जनकल्याण के उद्देश्य से आगे भी स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों पर इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।


