नानपारा (बहराइच)।नानपारा नगर पालिका क्षेत्र में एक नया विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। लखीमपुर, रुपईडीहा और बहराइच जाने वाले मुख्य मार्गों के संगम पर स्थित महत्वपूर्ण तिराहे पर वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने स्वयं की प्रतिमा (स्टैचू) स्थापित कर दी है। यह स्थान अब “अब्दुल वाहिद चौराहा” के नाम से जाना जा रहा है। इस कदम को लेकर स्थानीय जनता में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह परंपरा के विरुद्ध है कि कोई जीवित व्यक्ति अपने नाम से चौराहा बनवाकर वहां अपनी प्रतिमा भी स्थापित करे। नागरिकों का यह भी कहना है कि ऐसे कार्य सम्मान की बजाय अहंकार और दिखावा प्रतीत होते हैं। स्थानीय निवासी राकेश वर्मा ने कहा, “आज तक हमने यही देखा है कि समाजसेवी या जनप्रतिनिधि के निधन के बाद उनके सम्मान में प्रतिमाएं लगाई जाती हैं, लेकिन यहां तो जीते जी यह सब हो रहा है, यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।” विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह नगर पालिका की निधियों का दुरुपयोग है और इसकी जांच होनी चाहिए कि प्रतिमा और सौंदर्यीकरण में कितनी राशि खर्च की गई। जनता अब यह मांग कर रही है कि इस विषय पर प्रशासन हस्तक्षेप करे और चौराहे के नामकरण व प्रतिमा स्थापना की वैधता की जांच कराए। फिलहाल नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल वाहिद की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।



