👉परमपुर में 140 मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी, मौके पर काम बंद! विकास कार्यों की निगरानी पर उठे सवाल
बाबागंज-बहराइच। विकास खंड नवाबगंज की परमपुर ग्राम पंचायत में वीबी-जी रामजी योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ऑनलाइन मस्टर रोल में 140 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद कार्यस्थल पर काम बंद मिलने की बात सामने आने से योजना के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
👉सबसे बड़ा सवाल—140 मजदूरों की हाजिरी दर्ज, फिर कार्यस्थल पर सन्नाटा क्यों?
यदि ऑनलाइन मस्टर रोल में 140 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज है, तो मौके पर काम बंद मिलने की स्थिति कैसे बनी? क्या दर्ज संख्या के अनुसार मजदूर वास्तव में कार्यस्थल पर मौजूद थे? यदि मजदूर मौजूद नहीं थे, तो उनकी ऑनलाइन हाजिरी किस आधार पर दर्ज की गई? साथ ही, कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति भी जांच का विषय है।
बताया जा रहा है कि एपीओ द्वारा लगातार निरीक्षण किए जाने के बावजूद इस तरह की शिकायतें सामने आना निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है। ऐसे में निरीक्षण के दौरान क्या जांच की गई और वास्तविक स्थिति का सत्यापन किस प्रकार हुआ, यह भी स्पष्ट होना जरूरी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ऑनलाइन मस्टर रोल, मजदूरों की वास्तविक उपस्थिति, कार्यस्थल की स्थिति और कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
👉अब निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों पर
मामले में निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में फर्जी उपस्थिति, कार्यों में अनियमितता या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में धरातल पर जांच कराकर सच्चाई सामने लाते हैं या शिकायतें कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाती हैं।

