बाबागंज- बहराइच। नवाबगंज ब्लॉक में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज होने वाला है। इंडियन पब्लिक पत्रकारिता संगठन के बैनर तले जिला अध्यक्ष श्री अर्जुन सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक मुख्यालय पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। संगठन का कहना है कि खंड विकास अधिकारी (BDO) नवाबगंज पर लगातार भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते आ रहे हैं,लगभग 7 करोड़ रुपये बिना कार्य कराए,उसके बाद चंद दिनों में रिपोस्टिंग क्यो? लेकिन उच्च अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि विकास कार्यों में अनियमितता, योजनाओं में धन की बंदरबांट और लाभार्थियों के साथ भेदभाव जैसे मुद्दों को लेकर ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे हैं। कई बार लिखित प्रार्थना-पत्र देने के बावजूद विभागीय स्तर पर सिर्फ औपचारिकता निभाई गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि “जब तक भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक संगठन शांत नहीं बैठेगा। ब्लॉक मुख्यालय पर आमरण अनशन के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।” संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित BDO के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो विरोध प्रदर्शन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।


