बाबागंज-बहराइच। इंडियन बैंक बाबा गंज शाखा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी अरुण कुमार राव ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पत्नी मंजू देवी के खाते (संख्या 50046494936) में दिनांक 09 सितंबर 2025 को दोपहर 2:06 बजे शाखा स्थित एटीएम के माध्यम से ₹30,000 नकद जमा किए थे। लेकिन यह राशि अब तक उनके खाते में दर्ज नहीं हुई है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित शाखा में संपर्क किया, लेकिन न तो पैसा खाते में जोड़ा गया और न ही वापस मिला। और तो और, बैंक के इर्द-गिर्द सक्रिय दलाल उनसे “खर्चा देने पर तुरंत राशि ट्रांसफर कराने” की बात कर रहे हैं। श्री राव ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि आखिर बैंक के दलाल और अधिकारी बेखौफ होकर लोगों को क्यों परेशान कर रहे हैं? क्या इन्हें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों का भी डर नहीं है? उन्होंने नोडल ऑफिसर एवं क्षेत्रीय महाप्रबंधक से गुहार लगाई है कि उनकी मेहनत की कमाई तत्काल उनके खाते में जमा कराई जाए, ताकि उन्हें और अधिक परेशानी न झेलनी पड़े।


