बहराइच।नगर पालिका परिषद बहराइच के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला रायपुर राजा में विकास के दावे धरातल पर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। जहां एक ओर सरकार ‘डबल इंजन’ के सहारे तेजी से विकास की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर मोहल्ले की मुख्य नाली ‘नरदाहा’ का रूप लेकर लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन चुकी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बदबू और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब घरों के सामने जलभराव हो जाता है और आवागमन तक मुश्किल हो जाता है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। कागजों में सफाई अभियान चलाया जाता है, लेकिन हकीकत में हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि विकास के नाम पर बजट तो खर्च होता है, पर जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिखता। रायपुर राजा के बुजुर्गों और महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि नाली की जल्द से जल्द साफ-सफाई कराकर पक्के निर्माण की व्यवस्था की जाए, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और ‘विकास की गंगा’ को सही मायनों में बहाने का प्रयास करते हैं या फिर मोहल्ला यूं ही नरदाहा बनी नाली के सहारे जीवन जीने को मजबूर रहेगा।



