नवाबगंज-बहराइच। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवाबगंज थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन गश्त अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम से लेकर रात तक बाजार, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, बैंक परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर पैदल तथा वाहन से गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। विशेष रूप से मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। लोगों से अपील की गई है कि होली का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि नियमित गश्त से असामाजिक तत्वों में भय बना रहता है और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का माहौल कायम रहे।



