बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की है। जानकारी के अनुसार, आए दिन चोरों के गिरोह सक्रिय होकर ग्रामीण इलाकों में वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे लोग रात भर जागने को मजबूर हैं और उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। चोरी की बढ़ती घटनाओं के कारण किसानों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में मा. राजेश्वरी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट बहराइच के अध्यक्ष एस.पी. सिंह ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि चोरों की सक्रियता और लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस बल की कमी के कारण कई बार चोर घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से भाग निकलते हैं। लोगों ने मांग की है कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तत्काल तैनाती की जाए, जिससे चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके और क्षेत्र में शांति बहाल हो।


