बलहा (बहराइच)। सावन मास के पवित्र अवसर पर जनपद बहराइच के बलहा ब्लॉक स्थित प्राचीन बुढ़वा बाबा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। हर दिन हजारों कांवरिए जल चढ़ाने के लिए इस ऐतिहासिक मंदिर में पहुंच रहे हैं। श्रद्धा और आस्था का यह केंद्र सावन में विशेष महत्व रखता है, लेकिन प्रशासनिक अनदेखी के कारण कांवरियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुढ़वा बाबा मंदिर तक पहुंचने के लिए जो मुख्य डामर सड़क बनी हुई है, वह पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। बारिश के कारण कीचड़ और जलभराव ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। इस रास्ते से गुजरने वाले कांवरियों के पांव कीचड़ में धँस जाते हैं, जिससे कई श्रद्धालु चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार ब्लॉक प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हर साल सावन में यहां भीड़ उमड़ती है, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सावन मेले की महत्ता को देखते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए और श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पीने का पानी और प्राथमिक चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
अगर समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह श्रद्धालुओं की भावनाओं और सुविधा दोनों का सम्मान करे।


