परमपुर बाबागंज-बहराइच। विकास खण्ड नवाबगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत परमपुर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी डी.के. सिंह पर सार्वजनिक शौचालय में केयर टेकर की नियुक्ति के नाम पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि अधिकारी ने शौचालय में वर्षों से कार्यरत पुराने केयर टेकर को हटाने और नए केयर टेकर को नियुक्त करने के एवज में करीब दो लाख रुपये की वसूली की। स्थानीय लोगों के अनुसार रुपये लेने के बावजूद अब तक न तो नए केयर टेकर की नियुक्ति की गई है और न ही शौचालय की देखरेख की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके चलते सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला खुलेआम भ्रष्टाचार का है और पंचायत स्तर पर नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जब ग्राम पंचायत अधिकारी डी.के. सिंह से पक्ष जानने का प्रयास किया गया समाचार लिखे जाने तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। वही दूसरी तरफ प्रधान ने बताया कि ये बात सच है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या संज्ञान लेता है और पंचायत में पारदर्शिता बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


