नवाबगंज-बहराइच। विकास खण्ड नवाबगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदा पुर पंडित में विभिन्न मार्गों पर लगाए गए खड़ंजों में पीली ईंटों के उपयोग को लेकर उठे विवाद के बाद अब मामले की जांच तेज हो गई है। शिकायतों के आधार पर जनपद के लोकपाल द्वारा शीघ्र जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में लगाए गए कई खड़ंजों में मानक के अनुरूप पक्की ईंटों के स्थान पर पीली व कमजोर गुणवत्ता वाली ईंटों का प्रयोग किया गया है। उनका कहना है कि इससे सड़कों की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा बरसात में क्षति की आशंका बनी रहती है सूत्रों के अनुसार मामले की शिकायत जिला स्तर पर की गई थी, जिसके बाद लोकपाल ने प्रारंभिक संज्ञान लेते हुए स्थलीय निरीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री और स्वीकृत बजट का मिलान किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पंचायत से जुड़े पक्ष का कहना है कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए गए हैं और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। अब सबकी निगाहें लोकपाल की प्रस्तावित जांच पर टिकी हैं। यदि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से होती है तो इससे न केवल ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि अन्य पंचायतों के लिए भी एक संदेश जाएगा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



