
नवाबगज-बहराइच। नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुरवा में एक गन्ने के खेत में नीलगाय की मृत अवस्था में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह खेत पर पहुंचे किसानों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नीलगाय की हत्या शिकारियों द्वारा की गई प्रतीत होती है। खेत के भीतर पड़ी लाश देखकर यह साफ जाहिर होता है कि घटना कुछ समय पहले की है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के चलते इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वन्यजीवों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने नीलगाय की हत्या करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन किया जाएगा।



